भगवत्प्राप्ति के १४ विघ्न व महत्त्वपूर्ण बातें

भगवत्प्राप्ति में १४ प्रकार के विघ्न आते हैं-
१.     स्वास्थ्य के प्रति लापरवाहीः यह बड़े-में-बड़ा विघ्न है। यदि मनुष्य अस्वस्थ है तो ध्यान भजन नहीं कर पाता। अतः यह जरूरी है कि शरीर स्वस्थ रहे लेकिन शरीर के स्वास्थ्य की चिंता व चिंतन न रहे यदि किसी कारण से स्वास्थ्य लाभ नहीं रहता तब भी अपने को भगवान में व भगवान को अपने में मानकर देह की ममता और सत्यता हिम्मत से हटाओ।
२.     खानपान में अनियमितताः देर से खाना खाने से भी अस्वस्थता घेर लेगी और ध्यान भजन में अरुचि हो जायेगी।
३.     साधन आदि में संदेहः यह संदेह कि हम साधन करते हैं, ठीक है कि नहीं ? भगवान मिलेंगे कि नहीं ?’ अरे, अंतर्यामी भगवान जानते हैं कि आप भगवान के लिए साधन करते हैं, फिर क्यों संदेह करना ?
उलटा नाम जपत जगु जाना।
बालमीकि भय ब्रह्म समाना।। (श्री राम चरित. अयो. कां. १९३.)
४.     सदगुरु का संग या सत्संग न मिलनाः जिसने सत्संग और सेवा का लाभ नहीं लिया, सदगुरु का महत्त्व नहीं समझा, वह सचमुच अभागा है। आत्मवेत्ताओं का सत्संग तो मनुष्य के उद्धार का सेतु है। सत्संग माने सत्यस्वरूप परमात्मा में विश्रांति। जिसके जीवन में सत्संग नहीं होगा वह कुसंग तो जरूर करेगा और एक बार कुसंग मिल गया तो समझ लो तबाही-ही-तबाही ! लेकिन अगर सत्संग मिल गया तो आपकी २१- २१ पीढ़ियाँ निहाल हो जायेंगी। हजारों यज्ञों, तपों, दानों से भी आधी घड़ी का सत्संग श्रेष्ठ माना गया है, सदगुरु का सान्निध्य सर्वोपरि माना गया है क्योंकि सदगुरु का सत्संग-सान्निध्य जीव को जीवत्व से शिवत्व में आरूढ़ करता है। इतना ही नहीं, सत्संग से आपके जीवन को सही दिशा मिलती है, मन में शांति और बुद्धि में बुद्धिदाता का ज्ञान छलकता है।
५.     नियमनिष्ठा न होनाः इससे भी साधना में बरकत नहीं आती। जिसके जीवन में कोई दृढ़ नियम नहीं है उसका मन उसे धोखा दे देता है। नियमनिष्ठा आदमी को बहुत ऊँचा उठाती है।
६.     प्रसिद्धि की चाहः थोड़ी बहुत साधना करते हैं तो पुण्याई से प्रसिद्धि आदि होने लगती है। यदि व्यक्ति असावधान रहता है तो प्रसिद्धि के लिए कुछ-का-कुछ करने लग जाता है, फिर साधन नियम छूट जाता है।
७.     कुतर्कः कुतर्क मतलब भगवान हैं कि नहीं ? यह मंत्र सच्चा है कि नहीं ?’ अथवा विधर्मियों या ईश्वर से दूर ले जाने वाले व्यक्तियों के प्रभाव में आकर फिसल जाना।
८.     प्राणायाम व जप का नियम छोड़नाः जो १० प्राणायाम और १० माला का छोटा सा नियम दीक्षा के समय बताते हैं, उसको छोड़ देना भी भगवत्प्राप्ति में बड़ा विघ्न है।
९.     बाहरी सुख में ही संतुष्ट होनाः अल्प (सीमित) में ही संतोष हो जाये…. ‘चलो, घर है, नौकरी हैबस खुश हैं।नहीं-नहीं, बाहर के थोड़े से सुखों में आप संतुष्ट न हों, आपको तो परमात्मा का परम सुख पाना है। थोड़े से ज्ञान में आप रुको नहीं, आपको परमात्मा का ज्ञान पाना है।
१०.  भगवान को छोड़कर संसार की तुच्छ चीजों की कामना करनाः सांसारिक तुच्छ कामनाएँ न बढ़ायें। भगवान का भजन भी निष्काम भाव से करें। यह मिल जाय….. वह मिल जाय…..’ ऐसा सोचकर भजन न करें बल्कि भगवान की प्रीति के लिए भगवान का भजन करें।
११.  ब्रह्मचर्य का अभावः कामविकार में अपनी शक्ति का नाश हो जाता है तो फिर ध्यान भजन में बरकत नहीं आती है। तो दिव्य प्रेरणा प्रकाशपुस्तक का अभ्यास करना और संयम रखना।
१२.  कुसंगः कुसंग में आने से भी अपना साधन-भक्ति का रस बिखर जाता है। जैसे तैसे व्यक्तियों के हाथों का बना खाने, जैसे-तैसे व्यक्तियों के सम्पर्क में आने और उनसे हाथ मिलाने से भी अपनी भक्ति क्षीण हो जाती है। उससे बचना चाहिए।
१३.  दोष दर्शनः दूसरों में दोष-दर्शन करने से वे दोष अपने में पुष्ट हो जाते हैं। हमारे मन में थोड़े दोष होते हैं तभी दूसरों में दोष दिखते हैं। इसलिए आप किसी के दोष देखकर अपने मन को दोषों का घर न बनाइये, उसकी गहराई में छुपे हुए अंतर्यामी परमात्मा को देख के अपने दिल में भगवद्भाव जगाइये।
१४.  साम्प्रदायिकताः मैं फलाने धर्म का हूँ, फलाने मजहब का हूँ, ऐसा हूँ….नहीं-नहीं, हम जो भी हैं, सब उस एक परमेश्वर के हैं।
इन १४ विघ्नों से बचने वाला व्यक्ति जल्दी से परमात्मा को पा लेता है।

भगवत्प्राप्ति की ले जाने वालीं महत्त्वपूर्ण बातें
१.     जो साधना करें उससे ऊबे नहीं।
जन्म कोटि लगि रगर हमारी।
बरऊँ संभु न त रहउँ कुआरी।। (श्रीरामचरित. बा. कां. 80.3)
           पायेंगे तो परमात्मा का आनंद पायेंगे, परमात्मा का सुख, परमात्मा की सत्ता पायेंगे, बाहर की नश्वर सत्ता, नश्वर सुख पाकर रुक नहीं जायेंगे !ऐसा दृढ़ विचार करने वाला जल्दी ईश्वर-सुख को पाता है।
२.     अपना नियम और साधना निरंतर करना।
३.     सत्कारपूर्वक (आदरपूर्वक) और श्रद्धापूर्वक साधना करना।
४.     सभी से सज्जनता का व्यवहार करना।
५.     पाप करने से बचना।
६.     प्रभु में विश्वास और प्रीति करने वाले को जल्दी से जल्दी भगवत्प्राप्ति होती है।

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ